छह भारतीय पहलवान 5 अगस्त से 11 अगस्त तक पेरिस 2024 ओलंपिक में मैट पर उतरेंगे। पेरिस में चैंप डे मार्स एरिना ग्रीष्मकालीन खेलों में कुश्ती प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। यह 21वां संस्करण होगा जहां भारतीय पहलवान ओलंपिक खेलों के कुश्ती इवेंट में प्रतिस्पर्धा करेंगे। टोक्यो 2020 में सात भारतीय पहलवानों ने भाग लिया था, जहां रवि कुमार दहिया (पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किग्रा) ने रजत और बजरंग पुनिया (पुरुष फ्रीस्टाइल 65 किग्रा) ने कांस्य पदक जीता था। फोगाट बहनों में से एक, दो बार की ओलंपियन विनेश फोगाट, पेरिस 2024 ओलंपिक में कुश्ती के लिए छह सदस्यीय भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी। वह ग्रीष्मकालीन खेलों में पहली बार महिलाओं की 50 किग्रा वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी, इससे पहले उन्होंने रियो 2016 में महिलाओं के 48 किग्रा और टोक्यो 2020 में महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग में भाग लिया था।

मौजूदा एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता अंतिम पंघाल पेरिस में महिलाओं की 53 किग्रा स्पर्धा में अपना ओलंपिक डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। 19 वर्षीय भारतीय पहलवान अंडर-20 कुश्ती विश्व चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय महिला भी हैं। अंतिम ने 2023 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर भारत को पेरिस 2024 के लिए ओलंपिक कोटा दिलाया था। राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता अंशु मलिक (महिला 57 किग्रा), अंडर-23 विश्व चैंपियन रीतिका हुड्डा (महिला 76 किग्रा) और एशियाई चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता निशा दहिया (महिला 68 किग्रा) अन्य महिला भारतीय पहलवान हैं जो पेरिस में अपना ओलंपिक डेब्यू करेंगी।

इस बीच, अमन सहरावत पेरिस 2024 ओलंपिक बर्थ हासिल करने वाले एकमात्र भारतीय पुरुष पहलवान हैं। एशियाई चैंपियन और एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता, 20 वर्षीय अमन ग्रीष्मकालीन खेलों में पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किग्रा स्पर्धा में मैट पर उतरेंगे। कोई भी भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवान पेरिस 2024 में जगह बनाने में कामयाब नहीं हुआ है। भारत ने ओलंपिक में दो रजत और पांच कांस्य पदक समेत सात कुश्ती पदक जीते हैं। केडी जाधव ने हेलसिंकी 1952 में पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। सुशील कुमार ने बीजिंग 2008 में कांस्य पदक और लंदन 2012 में रजत पदक अपने नाम किया। योगेश्वर दत्त (पुरुषों की फ्रीस्टाइल 60 किग्रा) और साक्षी मलिक (महिलाओं की 58 किग्रा) ने भी क्रमशः लंदन 2012 और रियो 2016 में कांस्य पदक जीते।