इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का मेगा ऑक्शन होना है। जब भी मेगा ऑक्शन होता है तो लगभ 90% टीम का रूप रंग बदल जाता है। यानी खिलाड़ी अधिकतर हर टीम में बदल जाते हैं। नए आ जाते हैं। इस बार अलग ही रोमांच इसलिए भी है, क्योंकि कई बड़े खिलाड़ी हैं जो हैमर के नीचे आ सकते हैं। हर किसी की निगाहें रोहित शर्मा पर लगी है। माना जा रहा है कि कप्तानी से हटाए जाने के बाद वह मुंबई इंडियंस छोड़ देंगे। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव को लेकर भी फ्रेंचाइजी से अलगाव की खबरें आ रही हैं।

इससे पहले इस बात को लेकर काफी उत्सुकता है कि 10 फ्रेंचाइजी अपने मौजूदा रोस्टर से कितने खिलाड़ियों को रिटेन करेंगी। सभी की नजरें मुंबई इंडियंस पर हैं। उनके पास मौजूदा भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं, टी20 विश्व कप विजेता कप्तान रोहित शर्मा, मौजूदा कप्तान हार्दिक पंड्या, वरिष्ठ गेंदबाज और पहले कप्तानी के दावेदार जसप्रीत बुमराह के रूप में बड़े सूरमाओं की फौज है।

यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या मुंबई इंडियंस इन सभी सुपर स्टार्स को रिटेन कर पाता है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक अफवाह वायरल हुई कि संजीव गोयनका के स्वामित्व वाली लखनऊ सुपर जायंट रोहित शर्मा को टीम में लेने के लिए 50 करोड़ रुपये का पैकेज देने के लिए तैयार है। गोयनका ने अब एक इंटरव्यू में उन अफवाहों का जवाब दिया है। स्पोर्ट्स तक को दिए जवाब में कहा- आप मुझे एक बात बताइए, क्या आपको या किसी को पता है कि रोहित शर्मा नीलामी में आ रहे हैं या नहीं? उन्होंने आगे कहा- ये सभी अटकलें बेवजह हैं। मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा को रिलीज करेगी या नहीं, वह नीलामी में आ रहे हैं या नहीं, अगर वह आ भी जाते हैं तो अगर आप अपनी सैलरी कैप का 50 प्रतिशत एक खिलाड़ी पर खर्च करने जा रहे हैं, तो आप बाकी 22 खिलाड़ियों को कैसे मैनेज करेंगे? इस पर उनसे पूछा गया- तो क्या वह आपकी विश लिस्ट में हैं?

गोयनका ने सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा- हर किसी की एक विश लिस्ट होती है। आप चाहते हैं कि आपकी टीम में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ कप्तान हो। आपके पास क्या है और क्या उपलब्ध है। आप उससे क्या कर सकते हैं। यही वह चीज है। मैं किसी को भी चाह सकता हूं लेकिन यही बात सभी फ्रेंचाइजी पर लागू होती है। आपको हर कोई नहीं मिलेगा।